Tuesday, April 15, 2008

Sell price declared for certified seeds for Kharif season

रायपुर, 15 अप्रैल 2008, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा आगामी खरीफ 2008 में किसानों के लिए प्रमाणित बीजों के विक्रय मूल्यों की घोषणा कर दी गई है। निगम अध्यक्ष श्री चन्द्रशेखर साहू ने आज बताया कि राज्य के किसानों को मोटे धान की एम.टी.यू. 1000, दन्तेश्वरी, बम्लेश्वरी और महामाया किस्मों के प्रमाणित बीज 1050 रूपए प्रति क्विंटल की दर से उपलब्ध कराए जाएंगे। पतले धान की पूर्णिमा, पूजा, तपस्विनी, एम.टी.यू. 1010, शताब्दी, स्वर्णा, आई.आर. 64, आई.आर.36, बी.पी.टी. 5204, मासूरी, बी.पी.टी. 3291, कलिंगा, राशि नरेन्द्र 97 और पद्मनी किस्मों के प्रमाणित बीजों के लिए 1100 रूपए प्रति क्विंटल का विक्रय मूल्य निर्धारित किया गया है।

श्री साहू ने बताया कि आगामी खरीफ 2008 में मक्का की सभी किस्मों के लिए 1200 रूपए, कोदो की समस्त किस्मों के लिए 2200 रूपए, सोयाबीन की समस्त किस्मों के लिए 2350 रूपए, रामतिल की समस्त किस्मों के लिए 3750 रूपए, तिल की समस्त किस्मों के लिए 6700 रूपए, मूंगफली की सभी किस्मों के लिए 3500 रूपए, अरहर के सभी किस्मों के लिए 3700 रूपए, मूंग की समस्त किस्मों के लिए 4000 रूपए और उड़द की समस्त किस्मों के लिए 3400 रूपए प्रति क्विंटल का विक्रय मूल्य तय किया गया है। सनई के लिए 2960 रूपए और ढेंचा के लिए 1735 रूपए प्रति क्विंटल की विक्रय दर घोषित की गई है। श्री साहू ने यह भी बताया कि राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के प्रक्रिया केन्द्रों से सीधे प्रमाणित बीज खरीदने वाले किसानों को 'अग्रिम बीज उठाव योजना' के तहत लाभ दिया जाएगा।

निगम के प्रबंध संचालक द्वारा इस संबंध में जारी परिपत्र में कहा गया है कि सभी फसलों के प्रमाणित बीजों की ये विक्रय दरें सिर्फ किसानों के लिए होंगी। निर्धारित विक्रय दर के अनुसार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में भण्डारण एवं वितरण करने पर देय 8 प्रतिशत कमीशन राशि प्रक्रिया प्रभारी द्वारा मूल देयक की राशि से काटकर समितियों से प्राप्त किया जाएगा। ये विक्रय दरें विभिन्न फसलों की अलग-अलग किस्मों में देय अनुदान घटाकर निर्धारित की गई हैं। वितरित बीजों के विरूध्द शासकीय अनुदान की राशि कृषि विभाग द्वारा दी जाएगी। कृषि विभाग की योजनाओं के तहत जिन बीजों का वितरण किया जाएगा, उनमें अनुदान की राशि विक्रय दरों के अलावा देय होगी। आधार बीजों की विक्रय दर प्रमाणित बीजों की विक्रय दर से 50 रूपए प्रति क्विंटल अधिक होगी।

No comments: